भाजपा की बैठक में पंचायत मंत्री महिपाल ढांडा की फिसली जुबान, राहुल गांधी को ये क्या बोल गए...

हरियाणा में लोकसभा चुनाव के बाद अब विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ने लगा है। इस बीच नेताओं द्वारा तीखी बयान बाजियां की जा रही है। गुरुवार को बहादुरगढ़ में हरियाणा सरकार के पंचायत मंत्री महिपाल ढांडा की जुबान फिसल गई...
 

बहादुरगढ़: हरियाणा में लोकसभा चुनाव के बाद अब विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ने लगा है। इस बीच नेताओं द्वारा तीखी बयान बाजियां की जा रही है। गुरुवार को बहादुरगढ़ में हरियाणा सरकार के पंचायत मंत्री महिपाल ढांडा की जुबान फिसल गई। उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस पर विवादित टिप्पणी कर दी। दरअसल हरियाणा के नव नियुक्त भाजपा प्रभारी सतीश पुनिया जिलों में विस्तारित बैठकें ले रहे हैं। लोकसभा चुनाव में 5 सीट गंवाने के बाद भाजपा के सुर बदले हुए हैं।

बैठक में पंचायत मंत्री ने भूपेंद्र हुड्डा और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा, लेकिन इस दौरान उनके बोल बिगड़ गए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के बड़े नेता हिंदुओं को आतंकी कहते हैं तो उन हिंदुओं के पास क्या अपनी ऐसी तैसी कराने जाते हैं, क्यों जाते हो उनके पास वोट मांगने। ढांडा यहीं नहीं रुके उन्होंने कहा कि कांग्रेस मुसलमानों को खुश करने में लगी है। कांग्रेस तो कह चुकी है कि देश के संसाधनों पर पहला हक मुसलमानों का है तो फिर बाकी हिंदुस्तानी कहां जाएंगे। महिपाल ढांडा ने कहा कि 10 सालों में हरियाणा के गांव देहात में बहुत काम हुए हैं, जो काम रह गए हैं वो इन दो महीनों में करवा दिए जाएंगे। इसके अलावा उन्होंने सरपंचों को लेकर कहा कि अब कोई सरपंच नाराज नहीं है। 

कांग्रेस के हरियाणा में सरकार बनाने के दावे पर महिपाल ने कहा कि सपने देखने का हक सभी को है। लेकिन काठ की हांडी बार बार नहीं चढ़ती है। लोकसभा चुनावों में संविधान और आरक्षण के नाम पर झूठ बोलकर वोट ले लिए, लेकिन उसी कांग्रेस ने कर्नाटक में एससी और बीसी का आरक्षण काट कर मुसलमानों को दे दिया। उन्होंने कहा कि तीसरी बार हरियाणा में भाजपा की सरकार बनेगी।