फोन पर पति से हुए विवाद के बाद महिला सिपाही ने खुद को लगाई आग

महिला सिपाही की मां ने बताया कि बेटी का उसके पति से विवाद चल रहा है। बेटी का कोई वीडियो उसके पति के पास है, जिसे वह वायरल करने की धमकी देता है। इसी से त्रस्त होकर उसने यह कदम उठाया।
 
mahila sipahi
राष्ट्रीय न्यूज़ डेस्क । सोनभद्र । 04 मार्च । हि.स. । रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र की पुलिस लाइन चुर्क में तैनात एक महिला सिपाही ने शुक्रवार देर रात को घरेलू विवाद में खुद को आग लगा ली। झुलसी महिला को जिला अस्पताल से वाराणसी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

राबर्ट्सगंज कोतवाली प्रभारी बालमुकुंद मिश्रा ने बताया कि महिला सिपाही दीपा यादव की तैनाती रॉबर्ट्सगंज पुलिस लाइन में थी। पुलिस लाइन चुर्क क्षेत्र में ही कमरा लेकर अपनी मां के साथ रहती थी। उसका पति अखिलेश यादव भी सिपाही है और उसकी तैनाती उन्नाव जिले में है। महिला सिपाही का अपने पति से कई वर्षों से विवाद चल रहा है। महिला ने उस पर मुकदमा भी दायर किया था। बीती रात को उसका अपने पति से फोन पर विवाद हुआ। इसके बाद महिला सिपाही ने खुद को आग लगाकर जान देने की कोशिश की। इस घटना क्रम में वह झुलस गई। मां ने उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसकी हालत को गंभीर देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया गया।

महिला सिपाही की मां ने बताया कि बेटी का उसके पति से विवाद चल रहा है। बेटी का कोई वीडियो उसके पति के पास है, जिसे वह वायरल करने की धमकी देता है। इसी से त्रस्त होकर उसने यह कदम उठाया। उसकी हालत बेहद नाजुक है।

एडिशनल एसपी कालू सिंह ने बताया कि महिला सिपाही का अपने पति अखिलेश यादव से विवाद चल रहा था। महिला सिपाही ने उस पर तलाक का मुकदमा भी दायर किया और बाद में सुलह भी कर ली थी। लेकिन उनके बीच विवाद खत्म नहीं हो पा रहा था। घटना के बाद महिला सिपाही लगभग 40 से 50 प्रतिशत तक झुलस गई, ऐसी स्थिति में उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस इस मामले में जांच कर रही है।