नगर परिषद के पूर्व प्रधान को जान से मारने की धमकी, फोन पर मांगी नन्दू गैंगस्टर के नाम पर 2 करोड़ की फिरौती

नगर परिषद के पूर्व प्रधान और भाजपा नेता अशोक गुप्ता को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। अशोक गुप्ता को व्हाट्सएप कॉल के जरिए यह धमकी मिली है...
 
jagatkranti

नगर परिषद के पूर्व प्रधान और भाजपा नेता अशोक गुप्ता को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। अशोक गुप्ता को व्हाट्सएप कॉल के जरिए यह धमकी मिली है। अशोक कुमार गुप्ता को एक शख्स ने गैंगस्टर कपिल सांगवान उर्फ नंदू का नाम लेकर दो करोड़ रुपए की प्रोटेक्श मनी की डिमांड की है और पैसे नहीं मिलने पर उन्हें इनेलो प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी की तरह जान से मारने की धमकी दी गई है। अशोक गुप्ता बहादुरगढ़ के गणपति धाम औद्योगिक एरिया में प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं और वह फिलहाल दिल्ली के न्यू मुल्तान नगर में परिवार सहित रहते हैं। उन्होंने दिल्ली के पश्चिम विहार थाने में इस धमकी भरे फोन कॉल की शिकायत की है।

अशोक गुप्ता मूल रूप से बहादुरगढ़ की अनाज मंडी के रहने वाले हैं, आजकल वे दिल्ली के मुल्तान नगर में रह रहे हैं। वह बहादुरगढ़ के गणपति धाम इंडस्ट्रियल एरिया में प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं।  बदमाश ने व्हाट्सएप कॉल के जरिए अशोक गुप्ता के पास फोन किया तो उन्होंने फोन काट दिया। इसके बाद अशोक गुप्ता को उनके व्हाट्सएप पर मैसेज के जरिए जान से मारने की धमकी दी गई।

बदमाश ने जिस नंबर से फोन किया उसके व्हाट्सएप नंबर की डीपी पर किसी पुलिस की वर्दी पहने हुए शख्स का फोटो लगी हुई है। बदमाश ने खुद को विदेश में बैठकर गैंग ऑपरेट कर रहे गैंगस्टर कपिल सांगवान उर्फ नंदू गैंग का सदस्य बताया है। यह सारी जानकारी अशोक गुप्ता ने स्वयं हमारे संवाददाता को फोन पर दी है। हालांकि वे कैमरे के सामने कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।

बता दें कि करीब 100 दिन पहले 25 फरवरी के दिन इनेलो प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी की दिनदहाड़े ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। गैंगस्टर कपिल सांगवान उर्फ नंदू ने इसकी जिम्मेदारी सोशल मीडिया के जरिए ली थी। इस वारदात की बाद बहादुरगढ़ के कई अन्य उद्योगपतियों व्यापारियों और नेताओं को इस तरह के धमकी भरे फोन कॉल आ चुके हैं। सूत्रों की माने तो कई लोग अपनी जान की सलामती के लिए बदमाशों को पैसे भी दे चुके हैं। कुछ लोगों ने हिम्मत दिखाकर पुलिस में भी शिकायत की है। मगर इसके बावजूद पुलिस के हाथ अभी तक खाली है। अशोक गुप्ता को मिली धमकी के मामले में दिल्ली कि पश्चिम विहार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।