शादी से पहले प्रेमी संग फरार हुई प्रेमिका, हजारों की नकदी सहित लाखों के गहने भी ले गई साथ

एक तरफ घर में शादी की तैयारियां चल रही थी तो दूसरी तरफ युवती अपने प्रेमी के साथ भाग गई। हरियाणा के करनाल जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है जहां शादी से पहले ही एक युवती अपने प्रेमी संग फरार हो गई।
 
jagatkranti
करनाल : एक तरफ घर में शादी की तैयारियां चल रही थी तो दूसरी तरफ युवती अपने प्रेमी के साथ भाग गई। हरियाणा के करनाल जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है जहां शादी से पहले ही एक युवती अपने प्रेमी संग फरार हो गई। युवती की शादी 13 मई को होनी थी। युवती अपने साथ 90 हजार रुपए कैश और लाखों रुपए के गहने भी लेकर गई है। यह मामला जिला के निसिंग थाना के एक गांव का है।परिजनों ने पड़ोस के ही एक युवक पर अपनी बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू कर दी है।

युवती के पिता ने शिकायत में बताया है कि वह मजदूर है। उसकी 2 लड़कियां और एक लड़का है। लड़के की शादी हो चुकी है, जबकि बड़ी लड़की की शादी अब 13 मई को होनी थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी पत्नी बीमार रहती है। आज वह उसे दवाई दिलवाने के लिए नजदीक के गांव रसीना में गया था। छोटी बेटी स्कूल गई थी। घर पर पुत्रवधु और बड़ी बेटी थी। पुत्रवधु सुबह 10 बजे घर से बाहर गई थी, लेकिन जब वह लौटी तो उसे बड़ी लड़की नहीं मिली। उसने आसपास पता किया, लेकिन वह कहीं पर भी नहीं थी। लड़की के लापता होने की जानकारी मिलते ही उसकी अपने स्तर पर तलाश शुरू की। इसमें सामने आया कि पड़ोस में ही रहने वाला युवक उसकी बेटी को बहला फुसलाकर भगा ले गया है। घर में रखी 90 हजार रुपए की नकदी और सोने-चांदी के आभूषण भी लड़की लेकर गई है।

पिता ने बताया है कि आरोपी युवक पड़ोस में ही रहता है। वह बेटी पर गलत नीयत रखता था। इस संदर्भ में उसके घर वालों को भी बताया था, लेकिन युवक अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। उसने लड़की को बहलाना-फुसलाना शुरू किया और आज उसे लेकर फरार भी हो गया। फिलहाल पुलिस दोनों की तलाश में जुटी हुई है।